धनबाद/आद्रा। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में पदस्थ मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर गुप्ता को 10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
मामला आद्रा मंडल के भोजूडीह का है। पीड़ित कर्मचारी वासुदेव हरि ने सीबीआई से शिकायत की थी कि मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक बीमारी के एवज में मिलने वाले अवकाश को मंजूर करने के लिए उनसे 25,000 की घूस मांग रहे थे।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने जांच की और 15 सितंबर को आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में ₹10,000 स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद सीबीआई की टीम ने आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसरों की गहन तलाशी ली, जहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। सीबीआई आरोपी अधिकारी को धनबाद स्थित सक्षम अदालत में पेश करेगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
