दुमका/बेंगलुरु। झारखंड के रेशम उत्पादन क्षेत्र के लिए एक बेहद गर्व का क्षण सामने आया है। बेंगलुरु के गांधी कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित केंद्रीय रेशम बोर्ड के 77वें स्थापना दिवस समारोह में राज्य के दुमका जिले के मधुबन निवासी रेशम किसान शंभूनाथ देहरी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शंभूनाथ देहरी को रेशम उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 'प्राइवेट ग्रेन्योर' (निजी बीज उत्पादक) श्रेणी में यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।
रेशम कीट पालन और गुणवत्तापूर्ण रेशम बीज (ग्रेन्योर) के उत्पादन में शंभूनाथ देहरी के योगदान को देखते हुए उन्हें इस पुरस्कार से नवाजा गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल दुमका बल्कि पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन हुआ है।
इस अवसर पर झारखंड के हस्तकरघा, रेशम एवं हस्तशिल्प निदेशक सहित देश के विभिन्न राज्यों के निदेशक और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के किसानों की लगन और सरकार के प्रोत्साहन से झारखंड का रेशम उद्योग लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
