सिमडेगा। झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री और सिमडेगा की पूर्व विधायक विमला प्रधान का रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बगडांड गांव स्थित पालामाड़ा नदी तट पर उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे।पार्थिव शरीर के नदी तट पहुंचते ही पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दी।
विमला प्रधान का शुक्रवार की रात रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वे पिछले लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर से सिमडेगा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के दौरान सिमडेगा के डीसी, एसपी सहित जिला प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समर्थक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत नेता को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। राजकीय सम्मान की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामाजिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े पुत्र मनीष मणिकांत प्रधान ने नम आंखों से पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।
उपस्थित परिजनों, समर्थकों और आम लोगों ने अश्रुपूरित नेत्रों से अपनी प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
