रांची। झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों (पीडीजे) को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। नवनियुक्त न्यायाधीशों में गढ़वा के पीडीजे मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं। गौरतलब है कि विगत दिनों सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इन तीनों न्यायिक अधिकारियों को हाईकोर्ट में जज के पद पर पदोन्नत करने की अनुशंसा की थी। कॉलेजियम की इस सिफारिश को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति पर अपनी मुहर लगा दी है। इन तीनों जजों के पदभार ग्रहण करने से हाईकोर्ट में लंबित मामलों के निष्पादन में और तेजी आने की उम्मीद है।