मेदिनीनगर। छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव (पूर्वी टोला) में रविवार सुबह एक युवक का शव मकई के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बभनडीह निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार गांधी भुइयां की पत्नी लंबे समय से अपने मायके भीखही गांव में रह रही थी। शनिवार को गांधी अपने बच्चों के साथ पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। रात में खाना खाने के बाद वह अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया था। रविवार सुबह गांव के पास मकई के खेत में गांधी का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से मृतक का ससुर जगदेव भुइयां घर से फरार बताया जा रहा है।छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मारपीट की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस फरार ससुर की तलाश कर रही है और घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है।