रांची। राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले पस्त करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अरगोड़ा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने साहस का परिचय देते हुए अकेले ही अपराधियों से लोहा लिया और उनकी लूटपाट की योजना को नाकाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार अरगोड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों द्वारा लूट की योजना बनाए जाने की सूचना मिली थी। गश्त के दौरान एसआई मुकेश कुमार का सामना संदिग्ध अपराधियों से हो गया। अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए उन पर हमला कर दिया और हाथापाई शुरू कर दी।
अपराधियों के साथ हुई इस मुठभेड़ में एसआई मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और चोटिल होने के बाद भी अपराधियों को मौके पर ही दबोचकर रखा। इस बीच थाना से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद लूट की मंशा से पहुंचे अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना में घायल सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों ने एसआई मुकेश कुमार की बहादुरी और तत्परता की सराहना की है। फिलहाल गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
