जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर द्वारा बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में एक विशाल महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं सहित आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। नेताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए युवाओं को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रक्तदान शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजकों ने न केवल जीवन रक्षा, बल्कि सड़क सुरक्षा का संदेश देने की भी अनूठी पहल की। शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक नागरिक को प्रोत्साहन स्वरूप एक हेलमेट और टी-शर्ट भेंट की गई, ताकि लोगों में हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता बढ़ सके। आयोजकों ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के रूप में मनाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। युवाओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी ने इस आयोजन को एक सफल और व्यापक जन-अभियान बना दिया।