रांची। अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल, राँची से सर्पदंश की रोकथाम, प्राथमिक उपचार एवं समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें एएनएमटीसी की छात्राओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। इसके साथ ही सर्पदंश से बचाव एवं इसके उपचार को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस क्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने बताया कि सर्पदंश एक गंभीर चिकित्सकीय आपातस्थिति है। समय पर उचित उपचार मिलने से सर्पदंश से होने वाली गंभीर जटिलताओं एवं मृत्यु को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने जानकारी देते बताया कि अप्रैल 2026 से अब तक राँची जिले में सर्पदंश के 364 मामले दर्ज किए गए हैं। विभाग द्वारा सर्पदंश से होने वाली असामयिक मृत्यु को रोकने के लिए आम लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उपाधीक्षक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश दिवस के माध्यम से राँची जिले समेत पूरे राज्य में लोगों को सर्पदंश से बचाव, सही प्राथमिक कदम एवं समय पर चिकित्सा सुविधा लेने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी-2 डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो सबसे पहले प्रभावित अंग को स्थिर रखने का प्रयास करें और पीड़ित को शांत रखें। मरीज को अनावश्यक रूप से चलने-फिरने से बचाएं तथा बिना देरी किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं।
उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में एंटी-स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जाता है। इसलिए घरेलू उपचार, झाड़-फूंक या अन्य अप्रमाणित उपायों में समय न गंवाएं।
कार्यक्रम में जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव भूषण, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रचित भूषण, डॉ. दिलीप पासवान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह, हैदर अली सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे।
