रांची/पुरुलिया। पुरुलिया के कोड़ाडीह मैदान में आयोजित ऐतिहासिक 'करम परबतीया महा जड़ूआही' में पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा से लाखों लोग जुटे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने समाज को शिक्षा, आर्थिक विकास और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि शिक्षा, संगठन और सामाजिक चेतना से तय होती है।
सुदेश महतो ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि एसटी, एससी, ओबीसी समेत सभी वर्गों के साथ सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत है। कुड़मी समाज में सभी को साथ लेकर चलने का सामर्थ्य है। उन्होंने बताया कि समाज की पहचान, भाषा और अधिकारों से जुड़े सवालों को केंद्र सरकार के समक्ष भी रखा गया है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे सिर्फ रोजगार तक सीमित न रहें, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व की भूमिका भी संभालें।
