खूंटी। जिले के सीमावर्ती इलाके में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। खूंटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो बाइक, एक स्कूटी, तीन मोबाइल फोन और घटना से जुड़े कपड़े बरामद किए हैं।
एसपी ऋषभ गर्ग ने पुलिस ऑफिस सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को बुधवार अहले सुबह इस घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच के अनुसार, नाबालिग लड़कियां अपने परिचित लड़कों के साथ मेला देखने और घूमने के लिए निकली थीं, लेकिन आरोपियों की मंशा गलत थी। आरोप है कि वे लड़कियों को जंगल में ले गए और उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर महिला थाना में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद डीएसपी प्रभात कुमार बेक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसने पीड़िताओं की निशानदेही पर तीन आरोपियों को धर दबोचा।
19 वर्षीय गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चूड़ू, 18 वर्षीय मनीष लोहरा और मनसा टूटी उर्फ टाना। इनमें से दो आरोपी मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव बाड़ेडीह के और एक मनीष लोहरा खूंटी थाना क्षेत्र के टोडांकेल का रहने वाला है।
पिंगू और प्रभुसहाय, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान गाड़ीगांव बाड़ेडीह स्थित एक अर्धनिर्मित फार्म हाउस से एक नाबालिग को सुरक्षित मुक्त कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी गोपाल मुंडा और मनसा टूटी ने उसे वहां बंधक बनाकर रखा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे बरामद कर लिया। साथ ही, घटना के दौरान लापता हुई एक अन्य मित्र को भी सकुशल ढूंढ निकाला गया।
फिलहाल पुलिस ने सभी पीड़िताओं को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
