रांची। राजधानी रांची और आसपास के जिलों में सोमवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव से शहर में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। सुबह 11 बजे तक केवल कांके क्षेत्र में ही लगभग 40 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हुई इस बारिश ने एक तरफ जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी। लगातार बारिश के कारण शहर की मुख्य सड़कों के साथ-साथ निचले इलाकों और अवैध अतिक्रमण वाली कॉलोनियों में पानी भर गया है। सड़कों पर जलजमाव के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई, जिससे कई इलाकों में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। गलियों में पानी भरने से पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने हर साल होने वाली इस समस्या को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार झारखंड और उत्तरी पश्चिम बंगाल पर बना डिप्रेशन लगभग 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।सुबह 5:30 बजे यह सिस्टम रांची से लगभग 100 किमी उत्तर-पूर्व में केंद्रित था।अगले 24 घंटों के दौरान इस अवदाब के झारखंड और बिहार से होकर गुज़रने की संभावना है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।