मेदिनीनगर। सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा कला गांव स्थित दलित टोला में विजयादशमी की रात दबंगों द्वारा दलित परिवार के लोगों, महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय दलितों में भारी भय और आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजयादशमी की रात्रि में गांव के ही चाचा धीरज कुमार और भतीजा ललटू के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया था। इस पर ललटू ने कुछ दबंगों को गांव में बुला लिया, जो धीरज के साथ मारपीट करने लगे। इसके विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने भी दबंगों का मुकाबला किया। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से सदर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
आरोप है कि इसी रंजिश और प्रतिशोध की भावना से गुरुवार को दबंगों ने मुकेश राम पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वे घायल हो गए।
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को एनएच-39 को लगभग एक घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सदर थाना प्रभारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया और पुलिस के वरीय अधिकारियों से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। इसके बावजूद पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने एसपी कार्यालय का घेराव कर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित महिला कुसुम देवी ने बताया कि विजयादशमी की रात दबंग लाठी-डंडों और घातक हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और बिना किसी कारण महिलाओं, पुरुषों व बच्चों की अंधाधुंध पिटाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों ने धमकी दी कि गाय-बकरी चराना मुश्किल कर देंगे और तुमलोगों को 'रामपुर' जैसी घटना याद दिला देंगे। इस हिंसक झड़प में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनमें पीयूष कुमार, प्रदीप कुमार,रंजू देवी,विशाल भारती, रितिक कुमार, गौतम कुमार, धीरज, देव और सुधीर सहित टोला के कई अन्य महिला-पुरुष शामिल हैं।
