​रामगढ़। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सभी प्रमुख नदियां, नाले और जलाशय लबालब भर गए हैं। क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण जलाशयों में पानी का आवक काफी बढ़ गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन की पहल पर पतरातू डैम के चार फाटकों को खोलकर जल निकासी शुरू कर दी गई है।

​पतरातू और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश से डैम का जलस्तर बढ़कर 1328.7 आरएल तक पहुंच गया है। डैम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल प्रबंधन विभाग ने पहले फाटक संख्या 4 और 5 को 3-3 इंच तक खोला था। हालांकि, पानी के लगातार बढ़ते दबाव के बाद दो और फाटकों को खोल दिया गया है।चारों फाटकों से फिलहाल लगभग 800 क्यूसेक मीटर प्रति घंटे की दर से पानी निकाला जा रहा है।

​उल्लेखनीय है कि पतरातू डैम की कुल जलभराव क्षमता 1332 आरएल है। जलस्तर को नियंत्रित रखने और बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।