रामगढ़। रामगढ़ जिले के गोला और चितरपुर प्रखंड में इन दिनों हाथियों का आतंक बढ़ गया है। हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इस दौरान जान-माल के नुकसान की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना गांव में सोमवार सुबह हाथियों के हमले में एक महिला की कुचलकर मौत हो गई।
वन विभाग के अनुसार, बीती रात जिले में हाथियों के दो झुंड सक्रिय थे। खोंखा क्षेत्र में करीब 44 और कोरांबे क्षेत्र में तीन हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई थी। खोंखा में मौजूद 44 हाथियों का झुंड आगे चलकर दो समूहों में बंट गया। इनमें से करीब 12-13 हाथियों का समूह छत्तर-गोला एनएच पार कर बड़कीपोना की ओर पहुंच गया। इसी दौरान बड़कीपोना क्षेत्र में हाथियों के हमले में महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। वन विभाग ने स्टेशन समेत आसपास रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
वन विभाग रामगढ़ की ओर से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में 32 हाथी तेवरडाग/भुचुंगडीह, 13 हाथी बड़कीपोना और तीन हाथी कोरांबे क्षेत्र में मौजूद हैं। इस तरह जिले के अलग-अलग इलाकों में करीब 48 हाथियों की गतिविधि दर्ज की गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। हाथियों के झुंड के करीब जाकर वीडियो बनाने, उन्हें भगाने या उकसाने की कोशिश न करें। हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और बच्चों समेत परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर रखें। विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर सावधानी बरतने की अपील की है।
