रामगढ़। जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शहर के सुभाष चौक से गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कुल 22.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। साथ ही गांजे की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो और अर्टिगा कार को भी जब्त किया गया है। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने रविवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने गुमटी पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितेश कुमार (20 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ बताया। गुमटी की तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 960 ग्राम गांजा बरामद किया।
इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर पर छापामारी की। घर की तलाशी के दौरान 16 अलग-अलग पैकेटों में कुल 21.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस तरह गुमटी और घर से कुल 22.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक ऑल्टो कार (JH-2V-2425) और एक अर्टिगा गाड़ी (JH-24N-2425) को भी जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 216/2026, दिनांक 22 अगस्त 2026 को धारा 20(b)(ii)/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
पुलिस बरामद गांजे के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का भी पता लगाने में जुटी है, ताकि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, पुलिस अवर निरीक्षक रोशन बाड़ा, बिरबल हेम्ब्रम, जॉनी कुमार, मंजेश कुमार सिंह और मनीष कुमार सिंह समेत पैंथर मोबाइल एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
