चतरा। रक्षाबंधन के दिन चतरा में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सदर थाना क्षेत्र के उटा मोड़ के पास सड़क हादसे में इटखोरी थाना क्षेत्र के गुल्ली टोला निवासी मिथिलेश कुमार यादव की मौत हो गई। हालांकि, मृतक के पिता ने उसके दोस्तों पर हत्या कर शव को हादसे का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे मिथिलेश अपने दोस्त अनिल के घर से सोनू मियां, चंदन दांगी और चंदन के साले के साथ बाइक से घूमने निकला था। इसी दौरान इटखोरी-चतरा मार्ग पर उटा मोड़ के पास मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद दोस्त शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
मिथिलेश के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। देर रात परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। शुक्रवार सुबह परिजनों ने मृतक के दोस्तों को पकड़ लिया। मृतक के पिता डोदी यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और घटना को सड़क हादसा बताकर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मिथिलेश खुद बाइक चला रहा था और बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि परिजनों से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
