बोकारो। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बुधवार को एक दिवसीय बोकारो दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित द्वितीय नेशनल एनटीपीसी रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रतियोगिता में देशभर से 500 से अधिक तीरंदाज हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी भी बोकारो पहुंच चुकी हैं। विभिन्न आयु वर्ग और श्रेणियों में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है।
आयोजन समिति की सदस्य एवं अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज एंजेला सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो, बोकारो की पूर्व विधायक श्वेता सिंह और पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित तीरंदाजी प्रशिक्षक पूर्णिमा महतो भी मौजूद रहेंगी। वहीं, झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को भी कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन व्यस्तता के कारण वे उपस्थित नहीं हो पाएंगे।
एंजेला सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और देशभर से तीरंदाज बोकारो पहुंच चुके हैं। खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्ग और श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता बोकारो के लिए ऐतिहासिक और यादगार आयोजन साबित होगी।
