​लखनऊ/रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश से आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों को स्वीकृति दे दी है। इस सूची में झारखंड के राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार तथा यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का नाम प्रमुखता से शामिल है।

​बरेली और रूहेलखंड क्षेत्र में गंगवार परिवार के राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए भाजपा ने श्रुति गंगवार को उच्च सदन भेजने का फैसला किया है। आठ बार के सांसद रहे संतोष गंगवार इस क्षेत्र में कुर्मी समाज के सबसे सर्वमान्य नेताओं में गिने जाते हैं। पार्टी के इस कदम को बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में सामाजिक संतुलन बनाए रखने और ओबीसी वोट बैंक को जोड़े रखने की मजबूत रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

​श्रुति गंगवार केवल राजनीतिक पृष्ठभूमि तक सीमित नहीं हैं।अगस्त 2024 में उन्हें ‘अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बरेली’ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया था।वे बरेली और बहेड़ी क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क अभियान चला रही हैं।महिला सशक्तिकरण, युवाओं की शिक्षा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्रमुख कार्यशैली में शामिल है।

​धर्मपाल सिंह को भी मिला अवसर

​घोषित आठ प्रत्याशियों में एक अन्य नाम झारखंड से जुड़े रहे धर्मपाल सिंह का है। धर्मपाल सिंह पूर्व में झारखंड में भाजपा के संगठन महामंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश में संगठन महामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

​श्रुति गंगवार और धर्मपाल सिंह की उम्मीदवारी से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। इसे पुराने निष्ठावान नेतृत्व के सम्मान और क्षेत्र में पार्टी के जनाधार को और अधिक मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है।