रांची। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन 12वें दिन भी जारी रहा| छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक झंडा यात्रा निकाली| इस दौरान तेज बारिश के बावजूद सैकड़ों छात्र हाथों में तिरंगा लिए अल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे| राष्ट्रगान गाया|

जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के अध्यक्ष रामअवतार महतो ने कहा कि छात्रों के न्याय की लड़ाई लगातार मजबूत होती जा रही है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि सत्य और न्याय की इस लड़ाई में अंततः छात्रों की जीत होगी और उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।

देवेंद्र नाथ महतो ने घोषणा करते हुए कहा कि यदि सरकार शीघ्र छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आगामी 10 अगस्त को हजारों छात्र विधानसभा मार्च कर सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब कॉकरोच जनता पार्टी का भी खुला समर्थन मिल गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में जल्द झारखंड आएगी। उन्होंने कहा है कि हम निश्चित रूप से झारखंड जाएंगे। छात्र जिस पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, वह पूरी तरह जायज है।अभिजीत दीपके इससे पहले भी वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनरत छात्रों से बातचीत कर चुके हैं और उन्हें अपना समर्थन दे चुके हैं।

5 सदस्यीय कमेटी बनी

जेपीएससी-जेएसएससी विवाद को लेकर सरकार की तरफ से एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में राज्य के चार मंत्री शामिल हैं। जिनमें कांग्रेस की तरफ से दीपिका पांडे सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से चमरा लिंडा और सुदिव्य कुमार सोनू तो वहीं राजद की तरफ से संजय प्रसाद शामिल हैं। इस कमेटी की कार्यवाही को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए इस कमेटी में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को भी शामिल किया गया है।