रांची। पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभागीय कार्यों की अब तक की प्रगति का जायजा लिया गया तथा विभिन्न फाइलों और अभिलेखों की गहन जाँच की गई।
बैठक के दौरान मंत्री ने लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता को पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़ी सेवाएँ समय पर और सुचारू रूप से उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ करना होगा।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उदासीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय कार्यों में पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव, प्रबंध निदेशक,अभियंता प्रमुख सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
