हजारीबाग। संगठित अपराध और रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्र से कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान (K.S.S.) और राहुल दुबे गैंग के चार सक्रिय सदस्यों/हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान बंद पड़े गैस प्लांट के पास से हथियार बरामदगी के समय भागने व पुलिस पर फायरिंग करने के प्रयास में मुख्य आरोपी अंकित कुमार पांडेय के बाएं पैर में पुलिस की गोली लगी है।
बड़कागांव के एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर बड़कागांव के पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उसके मोबाइल की जांच करने पर टेलीग्राम ऐप के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह (K.S.S.) के साथ-साथ राहुल दुबे गैंग के साथ बातचीत और कॉल के सबूत मिले।
कड़ाई से पूछताछ में अंकित ने स्वीकार किया कि उसने प्रिंस खान के निर्देश पर 25 जुलाई की रात 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने साथियों के साथ गोलीबारी की थी और प्रिंस खान (KSS) के नाम से पर्चा छोड़ा था।अंकित की निशानदेही पर घटना में शामिल गिरोह के दो अन्य सदस्यों ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल (बड़कागांव) और कुणाल कुमार पांडेय (पतरातू, रामगढ़) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी अंकित ने बताया कि उसने पिपराडीह स्थित एक बंद पड़े गैस प्लांट में हथियार छिपाए हैं। पुलिस टीम जब उसे लेकर मौके पर पहुंची, तो अंकित ने छिपाकर रखी देसी पिस्तौल निकालकर पुलिस बल पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अंकित के बाएं पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और उसे दोबारा दबोच लिया गया। इस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या-141/26 दर्ज किया गया है।
इसी दौरान 7 अगस्त को एसआईटी को दूसरी सूचना मिली कि पतरातू बाजार निवासी करमा कुमार साहू सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के संपर्क में रहकर हथियार और बम सप्लाई करता है। यह गिरोह गिद्दी व हजारीबाग कोलियरी क्षेत्रों में व्यापारियों, ठेकेदारों और कोयला कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए दहशत फैलाता था।
गिद्दी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद करमा की निशानदेही पर 8 अगस्त को साधु कुटिया जंगल से छिपाकर रखे गए बम और देसी पिस्तौल की मैगजीन बरामद की गई। इस संबंध में गिद्दी थाना कांड संख्या-22/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
