नेमरा (​रामगढ़)। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे झारखंड में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इसे लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य के सभी 24 जिलों में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की ओर से राज्यभर के प्रमुख चौक-चौराहों और पार्कों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी, जहां लोग गुरुजी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

​नेमरा के लुकैयाटांड़ में मुख्य आयोजन, 10 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद

​पुण्यतिथि का मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित होगा। जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि मुख्य आयोजन लुकैयाटांड़ में होगा, जबकि पैतृक गांव नेमरा में विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। लुकैयाटांड़ में करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

​मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं इन तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और वह कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में स्थापित शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।

​गुरुजी की स्मृति को समर्पित होगा 'झारखंड आदिवासी महोत्सव'

​इस बार विश्व आदिवासी दिवस (9 और 10 अगस्त) को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखकर आदिवासी अस्मिता, परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में मनाया जाएगा। राज्य सरकार रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य ‘झारखंड आदिवासी महोत्सव’ का आयोजन करने जा रही है, जो पूरी तरह दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को समर्पित होगा।

​महोत्सव का मुख्य आकर्षण मोरहाबादी मैदान से बिरसा चौक तक निकलने वाली भव्य 'आदिवासी जतरा' होगी। राजधानी रांची के अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक आयोजन होंगे। इसके अतिरिक्त दिल्ली में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी चल रही है।

​महोत्सव की प्रमुख विशेषताएं और आकर्षण

​5 हजार से अधिक कलाकार: देशभर से 5,000 से ज्यादा आदिवासी व लोक कलाकार और सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

​आदिवासी हाट-बाजार (100 स्टॉल): झारखंडी व्यंजन, पारंपरिक कलाकृतियां, वन उत्पाद, हस्तशिल्प और हथकरघा की प्रदर्शनी सह बिक्री होगी। शिल्पकार लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन भी देंगे।

​फिल्म फेस्टिवल और फैशन शो: पहली बार ट्राइबल फिल्म फेस्टिवल और ट्राइबल फैशन शो का आयोजन किया जाएगा।

​आधुनिक तकनीक का संगम: ड्रोन लाइट शो, डिजिटल टनल, एआर- वीआर (ऑगमेंटेड व वर्चुअल रियलिटी), इमर्सिव एक्सपीरियंस सेंटर, काइनेटिक एलईडी वीडियो वॉल, होलोग्राफिक फैन, इंटरएक्टिव फ्लोर प्रोजेक्शन और एआई आधारित 3-डी चैटबॉट जैसे आधुनिक आकर्षण शामिल रहेंगे।

​डिजिटल ट्रिब्यूट: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन और संघर्ष गाथा पर आधारित एक विशेष डिजिटल ट्रिब्यूट और प्रदर्शनी भी इस महोत्सव का मुख्य केंद्र होगी।