अड़की (खूंटी)। खूंटी जिले में प्रेम संबंध और अविश्वास से जुड़े विवादों का खूनी अंजाम थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुरहू के पंगुरा गांव में 4 सितंबर को गर्भवती प्रेमिका की निर्मम हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अड़की प्रखंड के हुंठ गांव में प्रेम प्रसंग के ही एक मामले में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बोकड़ाहेस्सा (मारंगहादा) निवासी 18 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में हुई है, जिसने अपने प्रेमी हरि मुंडा के घर में ही यह खौफनाक कदम उठाया।
परिजनों व सहेलियों के अनुसार हिस्सी और हरि मुंडा के बीच बीते तीन महीनों से प्रेम संबंध था। दोनों में लगातार बातचीत और एक-दूसरे के घर आना-जाना होता था। इसी बीच हिस्सी को पता चला कि हरि बाड़ीनिजकेल गांव की एक अन्य युवती से भी फोन पर बात करता है। इस बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर अक्सर नोकझोंक होती थी। शनिवार को मारंगहादा बाजार में दोनों की मुलाकात हुई थी, लेकिन बाद में किसी के जरिए हिस्सी को सूचना मिली कि हरि किसी दूसरी लड़की को अपने घर ले आया है। इससे नाराज होकर वह रविवार को सीधे हरि के गांव हुंठ पहुंच गई।
सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे प्रेमी हरि मुंडा ने हिस्सी को अपने घर के अंदर फांसी के फंदे से झूलता देखा। घटना के बाद डर या घबराहट में वह चुपचाप वहां से निकल गया। शाम करीब 5 बजे उसने ग्रामीणों और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद हुंठ के ग्रामीणों ने बोकड़ाहेस्सा पहुंचकर मृतका के परिजनों और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने क्षेत्र में 4 सितंबर को पंगुरा गांव में हुई सीनिता सरूकद की हत्या की यादें ताजा कर दी हैं। उस मामले में भी आरोपी सागर ओड़ेया ने गर्भवती प्रेमिका के होते हुए दूसरी लड़की से संबंध बना लिए थे, और विरोध करने पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया था।
हालाँकि दोनों घटनाओं की परिस्थितियां अलग हैं—एक में हत्या तो दूसरे में आत्महत्या—लेकिन प्रेम संबंधों के बीच तीसरे की एंट्री और उसके बाद आए दुखद नतीजों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस फिलहाल परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं से मामले की तफ्तीश कर रही है।
