गोड्डा। कांग्रेस भवन में आयोजित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह शामिल हुईं। बैठक में एमएमडीआर संशोधन विधेयक और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के आंदोलन पर चर्चा हुई।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस केंद्र की नीतियों का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के आर्थिक और खनिज हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर उनके ऐसे विरोध के बयान पहले भी सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से 26 सितंबर को रांची में लोक भवन मार्च एवं प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गोड्डा जिले से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में एसआईआर-2026 को लेकर भी चर्चा हुई। जिन मतदाताओं को नोटिस मिला है, उनकी प्रक्रिया में सहयोग के लिए पार्टी के अधिकृत बीएलए-2 बूथ स्तर पर सक्रिय रहेंगे। पंचायत, मंडल और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
