​रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पार्टी महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) से जुड़ी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और आम जनता को हो रही परेशानियों को दूर करने की मांग की।

​प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि जिन नागरिकों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सुनवाई आसानी और तेजी से हो सके, इसके लिए अतिरिक्त केंद्र बनाए जाएं और पर्याप्त अधिकारियों की तैनाती की जाए।

हर सप्ताह फॉर्म 6, 7 और 8 की विधानसभा-वार जानकारी (फॉर्मेट 9, 10, 11A और 11B के अनुसार) जिला स्तर पर BLA-1 व BLA-2 को तथा राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए।

चतरा विधानसभा सीट पर एक ही दिन में 1,113 फॉर्म-7 जमा किए जाने पर पार्टी ने संदेह जताया है। कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मतदान केंद्रों (बूथों) के पुनर्गठन के बाद पुराने और नए बूथ नंबरों की अद्यतन सूची जल्द से जल्द राजनीतिक दलों को प्रदान की जाए।

बीसी-1सूची के क्रमांक 3342 दर्ज तकनीकी खामियों को सही जाति प्रमाण पत्र के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलती से न हटे।

​कांग्रेस नेताओं की मांगों को सुनने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने आश्वासन दिया कि उठाई गई समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।