रांची। राजधानी के यातायात को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित बहबाजार से पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस परियोजना के लिए कुल 2.1839 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। जिला भू-अर्जन कार्यालय के दस्तावेजों में अधिग्रहित होने वाली भूमि के विभिन्न प्लॉटों और संबंधित रैयतों का पूरा विवरण दर्ज कर लिया गया है।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत जिला भू-अर्जन कार्यालय ने संबंधित हितबद्ध रैयतों को भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा-37 के तहत नोटिस भेज दिया है। हालांकि, रैयतों द्वारा अंचल कार्यालय में अब तक आवश्यक आवेदन जमा नहीं किए जाने के कारण अधिग्रहित भूमि और उस पर बनी संरचनाओं के मुआवजे का भुगतान अटका हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत रैयतों को जल्द से जल्द अपने दस्तावेज व आवेदन जमा करने होंगे ताकि मुआवजा राशि जारी की जा सके।
भू-अर्जन कार्यालय के अनुसार अधिग्रहण के दायरे में नगर निगम के वार्ड संख्या चार, पांच और छह के अलावा सिरम और कांके मौजा की जमीन शामिल है।
सिरम मौजा में सबसे अधिक 0.9730 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा। राहत
लगभग 1.25 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर का मुख्य उद्देश्य सिरमटोली-मेकॉन फ्लाईओवर को पटेल चौक से और कोकर-योगदा सत्संग आश्रम फ्लाईओवर को बहबाजार से जोड़ना है। इस लिंक के बनने से शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
