जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरज थापा और करण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को एसएसपी को सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपीट कॉलोनी के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। इसके बाद डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर रिपीट कॉलोनी के पीछे काली गदिर के पास छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान सुरज थापा के पास से 437 और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल और बिक्री में इस्तेमाल पल्सर बाइक भी जब्त की। मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।