रांची/नई दिल्ली। झारखंड और संताली सिनेमा के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवशाली रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में संताली लघु फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को ‘बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर’ (नॉन-फीचर) पुरस्कार से सम्मानित किया।

राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार किसी संताली फिल्म को नॉन-फीचर श्रेणी में यह सम्मान मिला है। पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा निवासी रवि राज मुर्मू की इस फिल्म ने पारंपरिक लोककथाओं, गांव की मिट्टी की खुशबू और आदिवासी समाज की गहरी कहानियों को बेहद सहजता से राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 की सिनेमाई उपलब्धियों के लिए इन पुरस्कारों की घोषणा 18 जुलाई 2026 को की गई थी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद संताली सिनेमा से जुड़े कलाकारों और युवाओं में नया उत्साह है। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद बुधवार को रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लौटने पर उनके भव्य नागरिक अभिनंदन की तैयारी की गई है।