तोरपा (खूंटी)। ग्रामसभा में लिए गए एक फैसले को धरातल पर उतारते हुए सुंदारी पंचायत के विशुनपुर गांव के लोगों ने एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश की है। मंगलवार को ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर विशुनपुर से सुंदारी तक जाने वाली चार किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों किनारों पर उगी घनी झाड़ियों को साफ किया। ग्रामीणों के इस जन-सहयोग से आवागमन अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है।
स्थानीय ग्रामीण थेनू तोपनो ने बताया कि सड़क किनारे झाड़ियां इतनी घनी हो गई थीं कि सामने से कोई चार पहिया वाहन आने पर साइकिल सवारों और पैदल चलने वालों के लिए जगह ही नहीं बचती थी। कई जगहों पर झाड़ियों के कारण सामने का मोड़ दिखाई नहीं देता था, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
उल्लेखनीय है कि विशुनपुर और आसपास के गांवों के निवासियों के लिए सुंदारी ही मुख्य बाजार और पंचायत मुख्यालय है। रोजमर्रा के काम, बाजार और पंचायत कार्यालय जाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।
मंगलवार को आयोजित ग्रामसभा में जब इस समस्या को उठाया गया, तो ग्रामीणों ने किसी सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय खुद ही पहल करने का फैसला किया। बैठक के तुरंत बाद ग्रामीण अलग-अलग समूहों में बंट गए और कुदाल व हंसिया लेकर विशुनपुर से सुंदारी तक पूरी सड़क की सफाई कर दी।
इस श्रमदान अभियान में थेनू तोपनो, शनि तिडू, डेबिड तिडू, एग्नेश तिडू, अजित तिडू, अलबिस तिडू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास ने न केवल सड़क को सुरक्षित बनाया, बल्कि गांव की एकता और आत्मनिर्भरता की भावना को भी उजागर किया।
