​बहरागोड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बहरागोड़ा महाविद्यालय में मंगलवार को करमा पूजा का त्यौहार पारंपरिक रीति-रिवाज, धूमधाम और अगाध भक्ति भाव के साथ मनाया गया।

​महाविद्यालय परिसर में स्थित करम वृक्ष के नीचे पुजारी मोतीलाल सिंह मुंडा ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पर्व का सांस्कृतिक व सामाजिक महत्व समझाते हुए करमा की कथा सुनाई, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

​उधर साकरा, केंवला, बेंदा, महुली, मानुषमुड़िया और खंडामौदा समेत दर्जनों गांवों में भी उत्सव का माहौल रहा। शाम होते ही ग्रामीणों ने कुंवारी कन्याओं द्वारा स्थापित करम डाली की पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मांदर की गूंजती थाप और पारंपरिक करमा गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते-नाचते रहे।

​गुरुवार की सुबह स्थानीय नदियों और तालाबों में करम डाली व बालू के विसर्जन के साथ यह पावन पर्व संपन्न होगा। आयोजन में निकेश चंद्र मुंडा, मोहन मुंडा, हरिश चंद्र सिंह और दीप्ति रानी सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।