बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने देश के प्रमुख नियोक्ताओं की सूची में जगह बनाई है। टाइम मैगजीन और स्टेटिस्टा के ‘वर्ल्ड्स बेस्ट एम्प्लॉयर्स’ सर्वेक्षण में सेल को भारत के शीर्ष 500 नियोक्ताओं में 25वां स्थान मिला है।

यह सर्वे कर्मचारियों से मिले फीडबैक के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें कर्मचारियों से अपने संगठन के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र की अन्य कंपनियों को लेकर भी राय ली गई। कंपनियों की सिफारिश करने की कर्मचारियों की इच्छा को भी सर्वे में शामिल किया गया।

सेल के अनुसार, कर्मचारी कल्याण, सुरक्षित कार्यस्थल, कौशल विकास और करियर में आगे बढ़ने के अवसरों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कंपनी ने बेहतर कार्य संस्कृति और कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं।

देशभर में सेल के एकीकृत इस्पात संयंत्र, खदानें और अन्य परिचालन इकाइयां हैं। कंपनी के मुताबिक, समावेशी कार्य वातावरण के साथ कर्मचारियों के सीखने और विकास के अवसरों को बढ़ाने पर भी लगातार काम किया जा रहा है।