बोकारो थर्मल (बेरमो)। दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) के सीएसआर विभाग की ओर से बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में भव्य करमा पूजा समारोह का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक व पारंपरिक आयोजन में बोकारो के डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीणा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना और माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने परंपरा के अनुसार करमा डाल और जावा को स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक मांडर की थाप पर स्थानीय लोगों के साथ थिरकते नजर आए, जिसने समारोह के उत्साह को दोगुना कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि करमा पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है और यह हमें प्रकृति से प्रेम करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।
इस अवसर पर बेरमो एसडीएम मनोज कुमार, बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, डीवीसी के मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया, वरीय महाप्रबंधक (एचआर) ए. कुजूर और सीएसआर प्रबंधक मनीष चौधरी उपस्थित थे। इसके अलावा जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, जिप सदस्य शहज़ादी बानो, अंचल अधिकारी (सीओ) संजीत कुमार सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष चंद्रदेव घासी, गोविंदपुर 'सी' मुखिया बबलू सिंह, गोविंदपुर 'डी' मुखिया चंदना मिश्रा और बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
