बोकारो। बोकारो से धनबाद की दूरी कम करने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित बोकारो एयरपोर्ट से तेलमाचो ब्रिज फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। हालांकि, सड़क निर्माण के धरातल पर उतरने के साथ ही इसका श्रेय लेने की होड़ भी शुरू हो गई है।
यह मांग सबसे पहले बोकारो के तत्कालीन विधायक बिरंची नारायण ने विधानसभा में उठाई थी, जिस पर तत्कालीन अध्यक्ष ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। प्रक्रिया आगे बढ़ ही रही थी कि वर्ष 2025 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्थानीय सांसद ढुल्लू महतो को पत्र भेजकर सूचित किया कि उनकी मांग पर बोकारो के टीवी टावर से तेलमाचो ब्रिज तक ₹56 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क की स्वीकृति दे दी गई है।
बोकारो स्टील प्रबंधन से एनओसी मिलने में देरी के कारण निर्माण कार्य अटका हुआ था। लगभग एक सप्ताह पूर्व जब बिना किसी पूर्व सूचना के निर्माण कार्य शुरू हुआ,तो स्थानीय सांसद और विधायक दोनों को इसकी जानकारी नहीं थी। सामाजिक कार्यकर्ता शशि भूषण ने मौके का मुआयना कर सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से परिवहन मंत्री का आभार जताया। इसके बाद अचानक घटनाक्रम बदला और 11 सितंबर को आनन-फानन में सांसद ढुल्लू महतो और बोकारो की वर्तमान विधायक श्वेता सिंह ने इसका शिलान्यास कर दिया।
शिलान्यास के बाद दोनों ही जनप्रतिनिधियों ने इसे अपनी-अपनी प्रमुख उपलब्धि बताया। विधायक श्वेता सिंह ने रेलवे लाइन के ऊपर ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी, जबकि परियोजना के मूल प्राक्कलन में पहले से ही सेक्टर 11 और बाटुआ के बीच रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शामिल है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बोकारो के विकास को लेकर उन्होंने जो सपने देखे थे, यह फोरलेन सड़क उसी में से एक था। अपने सपने को साकार होता देख उन्होंने खुशी जताई और वर्तमान सांसद एवं विधायक दोनों को बधाई दी।
