रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेएसएससी) और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में मिली सफलता अब विवादों के घेरे में आती दिख रही है। चर्चित अभय तिवारी के भाई अक्षय तिवारी और उनकी पत्नी के आवास पर पुलिस ने दबिश दी है। पुलिस ने परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की और उसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय तिवारी और अभय तिवारी की पत्नी दोनों ने पूर्व में जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा पास की थी और वर्तमान में सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। हाल ही में जारी हुए जेपीएससी परीक्षा के परिणामों में भी दोनों ने सफलता हासिल की थी। एक ही परिवार के सदस्यों द्वारा लगातार बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने और उससे जुड़े घटनाक्रमों को लेकर जांच एजेंसियों का संदेह गहराया है।
पुलिस फिलहाल दोनों की नियुक्ति, परीक्षाओं के रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों के आधार पर बिंदुवार पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद से प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस की ओर से जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है।
