मेदिनीनगर।लजिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजराहा गांव में गुरुवार सुबह पुलिस और अपराधी के बीच अचानक मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में कुख्यात अपराधी सुमित चंद्रवंशी के पैर में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि हाल ही में शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी तट (अग्रसेन भवन के समीप) हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया था। इस कांड में शामिल सुमित चंद्रवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
गुरुवार तड़के पुलिस टीम सुमित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने बजराहा इलाके में गई थी। इसी दौरान सुमित ने चालाकी दिखाते हुए पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में गोली सुमित के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
