बोकारो। पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर 7-8 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि पुलिस उपाधीक्षक, नगर के नेतृत्व में सिटी क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित रात्रिकालीन गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य रात्रि गश्ती की स्थिति का जायजा लेना, पुलिस बल की सक्रियता सुनिश्चित करना, अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, नगर ने सिटी क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर गश्ती दलों की मौजूदगी, कार्यशैली, सतर्कता और निर्धारित गश्ती प्वाइंट का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों, बैंक, एटीएम, पेट्रोल पंप, आभूषण प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौक-चौराहों, सुनसान स्थानों और अपराध संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

औचक निरीक्षण के दौरान सभी गश्ती दलों को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के साथ-साथ रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने को कहा गया।

सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने या अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विशेष अभियान के दौरान सिटी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग, सघन वाहन जांच और ड्रंक एंड ड्राइव टेस्ट किया गया। दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की भी जांच की गई।

इसके अलावा देर रात तक संचालित प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक, नगर ने गश्ती पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी सूचना पर तत्काल और प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर शीघ्र प्रतिक्रिया देने के साथ आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा स्थानीय नागरिकों एवं व्यवसायियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।

बोकारो पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रात्रिकालीन गश्ती, औचक निरीक्षण, वाहन जांच, एंटी क्राइम अभियान और ड्रंक एंड ड्राइव जांच जैसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और विशेष अभियान जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।