बोकारो। पटना से हटिया (रांची) जा रही 12365 जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से शनिवार को एक महिला का कटा हुआ सिर मिलने से बोकारो रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के ऑपरेटिंग विभाग, रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह अपने निर्धारित समय 11:35 बजे ट्रेन बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। इस दौरान ट्रेन के लोको पायलट को इंजन से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने उतरकर इंजन के अगले हिस्से (कॉकपिट के पास) की जांच की, तो उसमें एक महिला का कटा हुआ सिर फंसा नजर आया।
रेलवे पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पंचनामा पूरा करने के बाद कटे हुए सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरामद सिर काफी विकृत स्थिति में है और महिला के बाल पके हुए हैं, जिससे उसकी उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है।
प्राथमिक परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया होगा, या फिर किसी दुर्घटना के दौरान सिर कटकर इंजन में फंस गया होगा। ट्रेन किस स्टेशन या स्थान के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई, पुलिस इसका पता लगाने के लिए पटना से बोकारो के बीच के रेलवे स्टेशनों से संपर्क साध रही है।
घटनास्थल पर आवश्यक जांच प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जनशताब्दी एक्सप्रेस को सुरक्षित हटिया (रांची) के लिए रवाना कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। जीआरपी और आरपीएफ मामले की गहनता से छानबीन कर रही हैं।
