मेदिनीनगर। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों और रणनीतियों पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने झारखंड की हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार और बिचौलियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पिछले सात वर्षों के कुशासन और शोषण के कारनामों को घर-घर तक पहुंचाएं।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के लिए पिछले 12 वर्षों से विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।
बैठक में आगामी 4 नवंबर को आयोजित होने वाली रैली को सफल बनाने का विशेष आह्वान किया गया।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने और गांव-गांव प्रवास करने का निर्देश दिया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने की, संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री विजय ठाकुर ने किया। इस दौरान सांसद विष्णु दयाल राम, विधायकगणों समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
