मेदिनीनगर। जिले अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा अपराध होने से टल गया। सोमवार को लेस्लीगंज स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) को निशाना बनाने पहुंचे दो शातिर अपराधियों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों अपराधियों ने दिन की शुरुआत ही लूटपाट के साथ की थी। सुबह के समय अपराधियों ने बंदूक की नोक पर एक व्यक्ति से पल्सर बाइक की छिनतई की। इसी लूटी गई बाइक पर सवार होकर दोनों लुटेरे लेस्लीगंज स्थित ग्रामीण बैंक सीएसपी पहुंचे थे। उनका इरादा हथियार के बल पर ग्राहक सेवा केंद्र में बड़ी डकैती को अंजाम देना था।
सीएसपी केंद्र के समीप पहुंचते ही अपराधियों की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर जब आसपास के लोगों को शक हुआ, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने दहशत फैलाने के मकसद से गोली चला दी। हालांकि, गोली की आवाज से लोग डरे नहीं, बल्कि साहस दिखाते हुए मौके पर लामबंद हो गए। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने मिलकर तुरंत घेराबंदी की और दोनों युवकों को दबोच लिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत लेस्लीगंज पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा,एक खोखा, अपराधियों का बैग और लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अपराधियों को थाने लाकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।
