जमशेदपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने साउथ बिहार एक्सप्रेस से चोरी हुए करीब 70 हजार रुपये मूल्य के सैमसंग मोबाइल फोन को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देशन में शुक्रवार रात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त और सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि साउथ बिहार एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच से एक यात्री का महंगा मोबाइल फोन चोरी हो गया है।
सूचना मिलते ही टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी हुआ सैमसंग मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खैरुल शेख (27) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का निवासी है।
आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना, टाटानगर के हवाले कर दिया है।
यह कार्रवाई पोस्ट कमांडर, आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने की। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को दें।
