रांची। रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 57वां स्थापना दिवस मनाया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से 500 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, संवेदना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जुड़कर कार्य करने वाला युवा ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दे सकता है। मौके पर विधायक सीपी सिंह ने एनएसएस स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे सेवा-भाव को अपने जीवन का संस्कार बनाएं और स्वस्थ, जागरूक, नशामुक्त एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में दीपक कुमार (एडवाइजर, स्टूडेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम, बीआईटी मेसरा एवं पूर्व क्षेत्रीय निदेशक, एनएसएस), प्रो. सुदेश कुमार साहू (डीएसडब्लू, रांची विश्वविद्यालय) डॉ. विकास कुमार (निदेशक, एस्टेट एवं फैसिलिटी मैनेजमेंट, रांची विश्वविद्यालय) डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता (विभागाध्यक्ष, वाणिज्य विभाग), कुमारी ललिता (स्टेट माय भारत डायरेक्टर), डॉ. किशोर सुरिन (कार्यक्रम समन्वयक, एनएसएस, रांची विश्वविद्यालय) सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यक्रम पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत एकता रैली से हुई। इसके पश्चात एनएसएस ध्वजारोहण एवं लक्ष्य गीत के माध्यम से सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को अभिव्यक्त किया गया।
आज खास
ब्रेकिंग
