चतरा। इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित निजी नर्सिंग होम ‘सेफ जोन’ में इलाज के दौरान 50 वर्षीय मरीज अशोक राम की मौत के बाद सोमवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने डॉक्टर और नर्स समेत चार अस्पताल कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब 1:30 बजे सीने में दर्द की शिकायत के बाद अशोक राम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक के भाई उमेश रविदास ने आरोप लगाया कि एक नर्स के इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर करने का अनुरोध किया, लेकिन डॉक्टर कुद्दुस के पिता रियाज मियां ने यह कहते हुए उन्हें रोक दिया कि डॉक्टर साहब आने ही वाले हैं और कुछ देर में सब ठीक हो जाएगा। इसके कुछ ही देर बाद मरीज की मौत हो गई।

इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि निजी अस्पताल में तोड़फोड़ की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।