​नई दिल्ली/रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने संसद भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।मानसून सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया, जिसमें झारखंड और ओडिशा के कई सांसद शामिल हुए।

​प्रदर्शनकारी सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में अपने अधिकारों और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे युवाओं पर राज्य सरकार पुलिस लाठीचार्ज करवा रही है। दिल्ली में युवाओं के अधिकारों का दावा करने वाले राहुल गांधी झारखंड की जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार द्वारा छात्रों पर किए जा रहे दमन पर पूरी तरह से मौन साधे हुए हैं।

​आदित्य साहू ने आगे कहा कि राज्य के युवाओं की प्रमुख मांग है कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती जैसी प्रमुख परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए।एनडीए सांसदों ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।