चतरा। जोरी थाना क्षेत्र में 7 सितंबर को हुई 31.90 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नार्कोटिक्स विभाग का अधिकारी बनकर 28 वर्षीय ललन कुमार को झांसे में लिया और उससे 31.90 लाख रुपये लूट लिए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंगू कुमार, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रंगू कुमार उर्फ दिनेश यादव के खिलाफ पूर्व में हत्या और शराब कारोबार से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं, पुलिस ने बिट्टू शर्मा को घटना की रेकी और वारदात को अंजाम देने का कथित मास्टरमाइंड बताया है।
पुलिस बिट्टू शर्मा और रौशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल काले रंग का चार पहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
