बोकारो। जरीडीह पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग जुआ के नाम पर चल रहे कथित ठगी के खेल का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, एक आईफोन, डेबिट कार्ड, चार फेम पे कार्ड और 10,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय प्रलव कुमार सिंह, 26 वर्षीय सेंटी कुमार और आनंद कुमार शामिल हैं। थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो ने बताया कि आरोपी ऑनलाइन गेम के लिए ग्राहकों को गेमिंग आईडी उपलब्ध कराते थे और लेनदेन व कमीशन के माध्यम से आर्थिक लाभ कमाते थे।

18 से 30 वर्ष के युवाओं की भागीदारी का दावा

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि इस तरह के ऑनलाइन गेमिंग में 18 से 30 वर्ष की उम्र के युवा बड़ी संख्या में जुड़े हुए हैं। कम समय में अधिक पैसा कमाने और रईसों जैसी जिंदगी जीने की चाहत में युवा इस तरह के अवैध खेल में शामिल हो रहे हैं।

मुख्य संचालकों की भूमिका की भी जांच

गिरफ्तार युवकों के परिजनों का आरोप है कि ऑनलाइन गेमिंग के मुख्य संचालक युवाओं को पैसे का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करते हैं। आरोप है कि गेमिंग को शुरुआत में सरकारी और वैध बताकर लोगों का भरोसा जीता जाता है। इसके बाद तकनीकी तरीके से खिलाड़ियों को शुरुआती जीत दिलाई जाती है और बड़ी रकम लगाने के बाद उन्हें नुकसान पहुंचाकर पैसा हड़प लिया जाता है।

परिजनों ने पूरे नेटवर्क और इसके कथित मुख्य संचालकों की जांच की मांग की है। इधर, जरीडीह पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अवैध ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े अन्य लोगों और कथित सरगना तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।