जमशेदपुर/तारापुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को बिहार के तारापुर स्थित बोल बम सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर द्वारा संचालित सेवा शिविर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन परोसा और शिविर में आयोजित रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

सावन के पावन अवसर पर सोमवार सुबह से ही शिविर में कांवड़ियों की भारी भीड़ रही। बोल बम सेवा ट्रस्ट के स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। शिविर में कांवड़ियों के लिए चाय, शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, नाश्ता और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। सेवा कार्यों का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सावन माह में कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा करना भगवान शिव की सच्ची आराधना है। उन्होंने सेवा शिविर में कार्यरत स्वयंसेवकों की समर्पित भावना और अनुशासित व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर में पहुंचे कांवड़ियों ने भी बोल बम सेवा ट्रस्ट की व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि लंबी और कठिन यात्रा के दौरान इस प्रकार के सेवा शिविर उन्हें राहत, ऊर्जा और सुविधा प्रदान करते हैं, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम हो जाती है।