मेदिनीनगर। पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना सामने आई है। पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन कर दिया है और इस घटना में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो टोटो भी जब्त किए हैं।

एसपी कपिल चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नाबालिग हुसैनाबाद से टोटो पकड़कर उंटारी रोड अपने प्रेमी से मिलने आई थी, लेकिन प्रेमी नहीं मिला। इसके बाद वह अपनी मौसी के घर गई, जहां से उन्हें भगा दिया गया। इसके बाद वह वापस टोटो से अपने घर लौट रही थी।

रास्ते में उसका टोटो खराब हो गया, जिसके बाद चालक ने दूसरे टोटो को बुलाया जिसमें दो अन्य लोग सवार थे। इन तीनों ने मिलकर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

सुबोध दीक्षित (पिता- स्व. राजेश्वर दीक्षित), मुकेश दीक्षित (पिता- स्व. बाबूलाल दीक्षित) और अभय दीक्षित (पिता- संजय दीक्षित) को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ग्राम भदुमा, थाना उंटारी रोड के रहने वाले हैं और पेशे से टोटो चालक हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुकेश पूर्व में भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है।

एसपी ने बताया कि 29 अक्टूबर को उंटारी थाना क्षेत्र से एक बच्ची के गायब होने की सूचना मिली थी, जिसकी खोजबीन पुलिस कर रही थी। इसी दौरान यह घटना प्रकाश में आई। पीड़िता के बयान के आधार पर उंटारी रोड थाने में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।