​देवघर। श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं का ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस बार मंदिर में पुराने सभी रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है। करीब 3 लाख से अधिक कांवरिया देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कतार बैद्यनाथ मंदिर से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कुमेठा तक पहुंच गई है। पूरा देवघर शहर केसरिया रंग में रंग गया है और हर तरफ 'बोल बम' के जयघोष गूंज रहे हैं।

श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित जलार्पण कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अहले सुबह उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने नंदन पहाड़ से लेकर बाबा मंदिर तक संपूर्ण मेला क्षेत्र, रूटलाइन और कांवरिया पथ का विस्तृत निरीक्षण किया।

​निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, कतार प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल के जवानों को निर्देश दिया कि वे अत्यंत धैर्य और संयम के साथ 'सेवा भाव' से श्रद्धालुओं का सहयोग करें। उपायुक्त ने कहा कि बाबाधाम आने वाले देवतुल्य कांवरियों की सेवा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भीड़ के दबाव को देखते हुए उपायुक्त ने सूचना-सह-सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस व ट्रैफिक ओपी, पर्यटन केंद्र, विद्युत केंद्र और स्वास्थ्य कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को ​स्वास्थ्य कैंपों में जीवन रक्षक दवाइयों और एम्बुलेंस की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने,विश्राम गृहों में महिलाओं और माताओं के लिए प्राइवेसी तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने,​विद्युत आपूर्ति और सहायता केंद्र बिना किसी बाधा के लगातार कार्यरत रखने का निर्देश दिया।

​प्रशासनिक टीम को संवेदनशील पॉइंट्स पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है ताकि कहीं भी भीड़ का अवांछित दबाव न बने और श्रद्धालु सुगमता से बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।