जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में जामताड़ा जिला समाहरणालय का घेराव कर राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस आक्रोश प्रदर्शन में हजारों युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
यह विरोध प्रदर्शन राज्य सरकार के कथित कुशासन, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमों के खिलाफ आयोजित किया गया था।
जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भ्रष्टाचार, कुशासन और प्रशासनिक विफलताओं से त्रस्त है। 'अबुआ सरकार' का दावा करने वाली इस सरकार में सबसे ज्यादा शोषण आदिवासियों का हो रहा है, जहां बिना घूस के अंचल, थाना या ब्लॉक में कोई काम नहीं होता।
मरांडी ने बालू नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बालू घाटों की नीलामी न होने से आम जनता को घर बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा है, जिससे प्रधानमंत्री आवास योजना ठप पड़ी है। आम लोगों के ट्रैक्टरों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि सत्ता के संरक्षण में अवैध बालू का कारोबार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन, रणधीर सिंह, सत्यानंद झा ‘बाटुल’ और जिलाध्यक्ष सुमित शरण सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
