​रांची। खलारी थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए तीन बच्चों को पुलिस ने महज़ दो दिनों (48 घंटे) के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि 3 अगस्त को खलारी थाना क्षेत्र से तीन बच्चों के अचानक गुमशुदा होने के संबंध में परिजनों द्वारा एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खलारी थाना कांड संख्या 45/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक (खलारी) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

​जांच के दौरान गठित टीम ने आसपास के बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और रेलवे स्टेशनों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कड़ी मशक्कत और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने गढ़वा रोड-हैदरनगर जंक्शन (रेहला) के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

​आरोपी की पहचान और नीयत

पकड़े गए आरोपी की पहचान रंजीत सिंह (पिता: अशरेश सिंह), ग्राम बरेवा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह तीनों बच्चों को खलारी स्टेशन से बहला-फुसलाकर गलत नीयत से अपने साथ ले जा रहा था।

पुलिस ने बरामद तीनों बच्चों शिवा कुमार (11 वर्ष), मंगल कुमार (8 वर्ष) और मेघा कुमारी (7 वर्ष) को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।